ध्वनि प्रदूषण फैलाने के लिए मस्जिदों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए : शिव सेना
ध्वनि प्रदूषण के मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई का सामना कर रही शिव सेना ने बुधवार को कहा कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने के लिए मस्जिदों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
शिव सेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में लिखा है कि शहर की मस्जिदों में भोर के समय ‘अजान’ होती है। इससे बच्चों, बुजुर्ग और बीमार लोगों को काफी सुबह जागना पड़ता है।
संपादकीय में लिखा है कि ‘अजान’ विद्यार्थियों को उनकी पढ़ाई में व्यवधान उपस्थित करता है। तेज आवाज से बीमार लोगों को भी असुविधा होती है, लेकिन इसकी तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।
संपादकीय ने प्रदूषण के खिलाफ अभियान चलाने वाली सुमारिया अब्दुल से पूछा गया है कि वह इस मामले में अपनी आवाज क्यों नहीं उठा रही हैं? मुखपत्र ने उनके अभियान को ‘नाटक’ करार दिया है।
‘सामना’ ने लिखा है कि ऐसे लोग हिंदू, हिंदुत्व और मराठियों के हित की बात करने वाले शिव सेना ‘टाइगर’ की आवाज को दबाना चाहते हैं। संपादकीय के अनुसार शिव सेना कानून का सम्मान करती है।